जशपुर, 13 नवंबर 2025 — छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले को हिला देने वाले सूटकेस मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस जघन्य वारदात में मृतक की पत्नी मंगरीता भगत (40 वर्ष) को ही आरोपी पाया गया है। पुलिस ने उसे महाराष्ट्र के नासिक जिले के मनमाड़ जंक्शन से गिरफ्तार किया है। पूरा मामला दुलदुला थाना क्षेत्र के ग्राम भिंजपुर का है।

पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर को संतोष भगत की लाश उसके ही घर में सूटकेस के अंदर मिली थी। मृतक के भाई विनोद भगत की रिपोर्ट पर थाना दुलदुला में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि हत्या के बाद आरोपी पत्नी मंगरीता भगत घर से फरार हो गई थी।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस की विशेष टीम बनाई गई। तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर यह पता चला कि आरोपिया पहले मुंबई में काम करती थी और हत्या के बाद महाराष्ट्र भाग गई है। पुलिस ने जीआरपी एसपी श्वेता सिन्हा, डीएसपी अख्तर और आरपीएफ पुलिस की मदद से मनमाड़ रेलवे स्टेशन से उसे गिरफ्तार किया।
पूछताछ में मंगरीता भगत ने स्वीकार किया कि वह और उसका पति संतोष चरित्र संदेह को लेकर अक्सर झगड़ते थे। घटना के दिन भी विवाद बढ़ा तो उसने सील बट्टे (पीसने की पाटी) से पति के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को सूटकेस में भरकर घर में छिपा दिया और अगले दिन फरार हो गई।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त सील बट्टे बरामद कर लिया है। आरोपी महिला को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि “पति की हत्या कर फरार हुई पत्नी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस टीम ने जीआरपी रायपुर और आरपीएफ के सहयोग से इस जघन्य हत्या की गुत्थी सुलझाई।”





