प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 15 नवंबर 2025

शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का सपना देखने वाली कोलकाता की एक महिला ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गई। केरल के रहने वाले लिजिन कोशी जो रायपुर में रहकर इंश्योरेंस करने का काम करता है, उसने शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 16 लाख रुपए का चूना लगा दिया। आरोपी ने पहले महिला से सोशल मीडिया के जरिए संपर्क बढ़ाया, फिर उसे निवेश कर पैसा ज्यादा देने का लालच दिया।
पीड़िता के मुताबिक, पीड़िता कोलकाता की रहने वाली है और एक निजी कंपनी में कार्यरत है, फिलहाल वह रायपुर में रहती है । कुछ माह पहले एक परिचित के माध्यम से उसकी पहचान एक युवक से हुई, जो मूलत: केरल का रहने वाला है, लेकिन अभी फिलहाल रायपुर के सुंदर नगर में स्थित फ्यूचर जनरली इंश्योरेंस में इंश्योरेंस का काम करता है, जिसने खुद को शेयर मार्केट में बड़ा निवेशक बताया। लगातार बातचीत के दौरान आरोपी ने महिला का विश्वास जीत लिया और उसे एक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म से जोड़ने की बात कही।
महिला को विश्वास में लेने के लिए आरोपी ने कई बार महिला को शुरुआत में पैसे भी दिए । शुरुआती निवेश पर उसने महिला को कुछ मुनाफे के स्क्रीनशॉट और ट्रांजैक्शन रिपोर्ट भेजकर यह जताया कि प्लेटफॉर्म असली है। इससे प्रभावित होकर महिला ने धीरे-धीरे करके करीब 16 लाख रुपए आरोपी के बताए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए।
जब महिला ने अपने निवेश का रिटर्न मांगना शुरू किया, तो आरोपी ने बहाने बनाने शुरू कर दिए। कुछ दिनों बाद पैसा बाद में देने का बहाना करते – करते महिला को घुमाना शुरू कर दिया ।
इंश्योरेंस कर लाभ दिलाने वाले ने ही कर ली ठगी
फ्यूचर जनरली इंश्योरेंस में कार्य करने वाले लिजिन दास का काम तो इंश्योरेंस कर लोगों को फायदा पहुंचाना है, लेकिन इस व्यक्ति ने महिला को लाभ दिलाने के नाम पर ठगी का शिकार बना लिया ।
पीड़िता का क्या कहना?
महिला ने इस व्यक्ति पर भरोसा करके अपनी पूरी कमाई इस व्यक्ति को दे दी और अब महिला के सामने जीवन यापन करना भी मुश्किल हो गया है । महिला की एक पुत्र और एक पुत्री है, महिला के कहना है कि उन्होंने अपनी जीवन भर की कमाई एक ऐसे व्यक्ति को दे दी, जो धोखेबाज है । महिला ने कहा कि अब मैं इस मामले की शिकायत जल्द ही पुलिस थाने में दर्ज कराएंगी । महिला का कहना है कि उनकी जैसी कोई और महिला या अन्य व्यक्ति इस धोखे का शिकार न हो, इसके लिए अब वह थाने में उस व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराकर FIR करवाएगी।
महिला के पास पर्याप्त सबूत
पीड़ित महिला टिका दास के पास पर्याप्त सबूत हैं, सबूत के तौर पर महिला ने बताया कि उसके पास 16 लाख रुपए का चेक भी है, जिसे लिजिन कोशी ने दिया था और कहा था कि अगर मैं आपका पैसा नहीं देता हूं, तो आप चेक लगा सकती हैं । महिला ने बताया कि उनके पास ट्रांजेक्शन किए गए पैसों का सारा रिकॉर्ड भी मौजूद है, जिसे वो पुलिस को शिकायत में सौंपेगी ।

जानकारों का क्या कहना?
जानकारों का कहना है कि हाल के दिनों में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर ठगी के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। साइबर अपराधी लोगों को ऊंचे मुनाफे का झांसा देकर फर्जी ऐप और वेबसाइट के जरिए उनकी मेहनत की कमाई लूट रहे हैं।
ऐसे मामलों को लेकर पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अंजान व्यक्ति या वेबसाइट पर भरोसा कर निवेश न करें। किसी भी निवेश प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता की जांच अवश्य करें और संदिग्ध लिंक या कॉल की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाने में दें।





