प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 16 नवंबर 2025

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की पुख्ता व्यवस्था की गई है। प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी का अभियान सुचारू रूप से शुरू हुआ और पहले ही दिन अलग-अलग सहकारी समितियों में लगभग 20 हजार क्विंटल धान खरीदा गया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नवा रायपुर निवास कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेश के किसानों को पूरी तरह से निश्चिंत रहना चाहिए। मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि धान खरीदी में किसानों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो। अधिकारी पूरी तत्परता से व्यवस्था संचालन में लगे हुए हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसानों के साथ धोखा किया है और उनके धान खरीदी केंद्रों की निगरानी केवल राजनीतिक दिखावा है। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस ने दो साल का पुराना बोनस देने का वादा किया था, लेकिन पांच साल की सरकार में इसे पूरा नहीं किया।
बिहार विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेताओं के प्रचार की असफलता पर श्री साव ने कहा कि कांग्रेस की विश्वसनीयता खत्म हो चुकी है। छत्तीसगढ़ के कांग्रेसी बार-बार जनता से नकारे गए हैं, ऐसे में अन्य राज्यों की जनता उन पर भरोसा नहीं कर सकती। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं ने सहयोग से प्रचार कर ऐतिहासिक परिणाम हासिल किए।
सुरक्षा मामलों पर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई चल रही है। हाल ही में सुकमा में तीन नक्सली न्यूट्रलाइज किए गए। श्री साव ने सुरक्षा बलों की सराहना करते हुए कहा कि मार्च 2026 तक सशस्त्र नक्सलवाद समाप्त किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने साफ किया कि छत्तीसगढ़ सरकार किसान हितों, कानून-व्यवस्था और नक्सल उन्मूलन के मुद्दों पर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।





