कोरिया, 26 नवंबर 2025
कोरिया जिले के बरेल गांव में अवैध संबंध के शक को लेकर पंचायत ने एक विवाहित महिला और गांव के ही युवक के साथ अमानवीय व्यवहार किया। ससुराल पक्ष के लोगों ने दोनों को पकड़कर गांव के बीचोंबीच लाकर उनके चेहरे पर कालिख पोती, जूते की माला पहनाई और भीड़ के सामने अपमानित किया। इस दौरान छोटे-छोटे बच्चों समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। पूरा घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पति के शक के बाद घर से निकाला, महिला प्रेमी के घर रहने चली गई
जानकारी के अनुसार, महिला की शादी करीब 8 साल पहले हुई थी और उसके 3 बच्चे हैं। पति को गांव के ही ओमप्रकाश पनिका के साथ उसके अवैध संबंध का शक था। 21 नवंबर को झगड़े के बाद पति ने उसे घर से निकाल दिया, जिसके बाद वह अपने परिचित ओमप्रकाश के घर रहने चली गई।
ससुराल पक्ष ने पंचायत बुलाई, भीड़ के सामने अपमानित किया
महिला के प्रेमी के घर रहने से नाराज उसके चाचा ससुर राय सिंह, गुलाब सिंह, चाची सास उर्मिला और अनीता ने दोनों को पकड़कर गांव के चौराहे पर ले आए और पंचायत बुलाई। पंचायत में दोनों पर अवैध संबंध का आरोप लगाते हुए नारे लगाए गए। इसके बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके चेहरे पर कालिख पोत दी और जूते की माला पहनाकर पूरे गांव में बेइज्जत किया।
ससुराल वालों ने महिला से कहा कि “आज से वह हमारे लिए मर गई है।” वहीं युवक ओमप्रकाश भी शादीशुदा है और उसका एक बच्चा है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, पुलिस ने दर्ज की FIR
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद महिला की शिकायत पर जनकपुर थाना पुलिस ने राय सिंह, गुलाब सिंह, उर्मिला सिंह और अनीता सिंह के खिलाफ BNS की धारा 296, 351(3), 115(2), 133, 3(5)BNS के तहत अपराध दर्ज किया है।
जनकपुर थाना प्रभारी ओमप्रकाश दुबे ने बताया कि मामले में FIR दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
अमानवीय घटना से गांव में सनसनी, पुलिस पड़ताल में जुटी





