प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 27 नवंबर 2025

छत्तीसगढ़ की फिल्म इंडस्ट्री में एक नई पहचान जोड़ने जा रही हैं जुड़वां बहनें प्रतिभा शर्मा और प्रियंका शर्मा, जो फिल्म ‘गैंग्स ऑफ रायपुर’ से अपने फिल्मी सफर की शुरुआत कर रही हैं। असल जिंदगी में भी जुड़वां यह बहनें अपनी पहली ही फिल्म में मुख्य किरदार निभा रही हैं।
28 नवंबर 2025 को रिलीज़ होने जा रही यह फिल्म ड्रग्स और अपराध की अंधेरी दुनिया पर आधारित है। कहानी एक ऐसे शहर की है जहाँ नशे का जाल तेजी से फैल रहा है। हाफ़िज़ नाम का एक युवक, जो शुरुआत में झुग्गी-झोपड़ी में छोटे स्तर पर टैबलेट बेचता है, धीरे-धीरे बेरहम किंगपिन उस्ताद के खतरनाक गैंग में फँस जाता है। उस्ताद का नेटवर्क नशेड़ियों से लेकर अपराधियों तक पर पकड़ बनाए हुए है।
जैसे-जैसे हाफ़िज़ इस अंडरवर्ल्ड में ऊपर बढ़ता है, उसकी महत्वाकांक्षा उसे विश्वासघात, साज़िश और शक्ति संघर्ष के दलदल में धकेल देती है। गुरु और शिष्य के बीच होने वाला यह टकराव शहर के “डार्क फार्मा अंडरवर्ल्ड” में एक बड़ी जंग को जन्म देता है।
फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहीं प्रतिभा और प्रियंका शर्मा ने बातचीत में निर्देशक, निर्माता और सभी कलाकारों के साथ-साथ अपने माता-पिता के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह मौका उनके लिए सपने के सच होने जैसा है और परिवार ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह उनके लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है।
‘गैंग्स ऑफ रायपुर’ अपने दमदार विषय, नए चेहरों और रोमांचक कहानी के चलते रिलीज़ से पहले ही चर्चा में है।





