सूरजपुर, 29 नवंबर 2025


छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में गजराज का आतंक एक बार फिर सामने आया है। भटगांव थाना क्षेत्र के कपसरा के बिसाही पोड़ी गांव में शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे हाथी ने खलिहान में सो रहे दंपति पर हमला कर उन्हें कुचलकर मार डाला।
जानकारी के अनुसार, मृतक कबिलास राजवाड़े अपनी पत्नी धनियारो के साथ खलिहान में धान की रखवाली कर रहा था। इसी दौरान अचानक पहुंचे हाथी ने दोनों पर हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन हाथी दल की सटीक लोकेशन का अभी भी सही पता नहीं लग पाया है।
बता दें कि 22 नवंबर को रामकोला वन परिक्षेत्र में भी हाथियों ने हमला कर पूर्व उपसरपंच मोहम्मद सैफुद्दीन को मार डाला था। वह अपने साथियों के साथ जंगल में भटकी गाय और जड़ी-बूटी की तलाश में गए थे। लौटते समय हाथियों से सामना हो गया। हाथी के आक्रामक होने पर सैफुद्दीन कुचल दिए गए, जबकि बाकी तीन लोग किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
लगातार बढ़ रहे हाथियों के इस आतंक से इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने की मांग की है।



