प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 29 नवंबर 2025

नगर निगम के सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने गुरुवार को सरदार बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम का औचक निरीक्षण किया। परिसर में भारी गंदगी, कचरे के ढेर और साफ-सफाई की बदहाल स्थिति देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने जोन-4 के कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह को मौके पर बुलाकर तुरंत निगम की टीम भेजकर सफाई अभियान शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्टेडियम में प्राथमिकता के आधार पर स्वच्छता बहाल की जाए।
सभापति राठौड़ ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सफाई का जिम्मा संभाल रहे ठेकेदार ने तत्काल सुधारात्मक कदम नहीं उठाए तो उसका ठेका रद्द कर उसे नगर निगम की ब्लैकलिस्ट में डाल दिया जाएगा।
निरीक्षण में सीवरेज लाइन के कई चैंबर्स खुले और ढक्कन टूटे मिले। इसे गंभीर सुरक्षा खतरा मानते हुए उन्होंने सभी ढक्कनों को तत्काल बदलने के निर्देश दिए ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोका जा सके।
राठौड़ ने साफ कहा कि इंडोर स्टेडियम जैसी महत्वपूर्ण सुविधा में गंदगी और अव्यवस्था किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है। नगर निगम सख्त रवैया अपनाएगा और व्यवस्था दुरुस्त कराएगा।





