प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 29 नवंबर 2025

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 3 दिसंबर को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। अंतरराष्ट्रीय मैच को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड में है। जिला स्तरीय समिति गठित की गई है, जो मैच से पहले और मैच के दौरान सभी व्यवस्थाओं पर निगरानी रखेगी।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में तैयारियों की एक बड़ी समीक्षा बैठक ली। उन्होंने साफ निर्देश दिया कि मैच के दौरान स्टेडियम और शहर की सभी व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की चूक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के साथ निरंतर समन्वय में रहकर सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में ट्रैफिक प्लान, सुरक्षा व्यवस्था, खिलाड़ियों के आवागमन, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं और दर्शकों की सुविधा जैसे सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि दर्शकों को स्टेडियम पहुंचने से लेकर वापस लौटने तक किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने बैठक में बताया कि—
- ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर विशेष रूट प्लान तैयार किया जा रहा है।
- खिलाड़ियों के आवास, परिवहन, पेयजल और सुरक्षा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
- स्टेडियम के अंदर एम्बुलेंस, मेडिकल टीम, फर्स्ट-एड और फ्लडलाइट्स की व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है।
- मैच से पहले सभी तैयारियों का अंतिम निरीक्षण किया जाएगा।
कलेक्टर डॉ. सिंह ने स्पष्ट कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन रायपुर के लिए गर्व का विषय है। इसलिए—
- प्रत्येक व्यवस्था उच्च स्तर की हो,
- कोई भी निर्णय लंबित न रहे,
- अधूरी तैयारियों को तुरंत पूरा कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
बैठक में नगर निगम आयुक्त विश्वदीप, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। प्रशासन का दावा है कि मैच के दिन दर्शकों को निर्बाध, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण देने के लिए अधिकांश तैयारियाँ पूरी हो चुकी हैं।





