बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में विद्यार्थियों की सुरक्षा एक गंभीर मुद्दे के रूप में सामने आया है। शासकीय इंद्रावती महाविद्यालय, भोपालपट्टनम मार्ग के पास स्थित शराब दुकान छात्रों—विशेषकर लड़कियों—के लिए परेशानी का बड़ा कारण बन गई है। शराबियों द्वारा आए दिन रास्ता रोकने, छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार की शिकायतों के बाद आज कॉलेज छात्र और ABVP कार्यकर्ता SDM कार्यालय भोपालपट्टनम पहुंचे और दुकान को तत्काल हटाने की मांग की।

छात्रों ने कहा कि कॉलेज छुट्टी के वक्त शराब दुकान के पास कुछ लोग खुलेआम शराब पीते हैं और राह चलती छात्राओं को परेशान करते हैं।
लड़कियों का कहना है कि कई बार स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि दुकान वाले रास्ते से निकलने में भी डर लगता है।
अभिभावक भी इस माहौल में बच्चों को कॉलेज भेजने में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
छात्र नेताओं ने बताया कि शराब दुकान हटाने की मांग कोई नई नहीं है।
साल 2019 में भी इस संबंध में तत्कालीन कलेक्टर K.D. कुंजाम को आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
बढ़ते रोष को देखते हुए छात्रों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द फैसला नहीं हुआ, तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
मामले पर SDM का पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन कई बार कॉल करने के बावजूद उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
अधिकारियों की यह चुप्पी छात्रों और अभिभावकों के गुस्से को और भड़का रही है।
लगातार बढ़ते विरोध के बाद अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन कॉलेज छात्रों को सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने के लिए कार्रवाई करेगा या नहीं।
छात्रों की यह मांग सिर्फ दुकान हटाने की नहीं, बल्कि सुरक्षित शिक्षा वातावरण की है।





