प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 3 दिसंबर 2025।
रायगढ़ के बोईरदादर में आयोजित अखिल भारतीय कंवर समाज के वार्षिक सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने समाज की प्रमुख मांग पर 30 लाख रुपए की लागत से बने सामुदायिक भवन के प्रथम तल का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का समाज के पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री साय ने समाज के पुरोधाओं को नमन करते हुए कहा कि समाज का विकास शिक्षा से ही संभव है। उन्होंने कहा कि नौकरी ही नहीं, बल्कि हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए शिक्षा सबसे बड़ा माध्यम है। “हर बेटी-बेटा को शिक्षित करना ही समाज को मजबूती देगा,” मुख्यमंत्री ने कहा। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार आदिवासी समाज के उत्थान और कल्याण के लिए निरंतर काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से आदिवासी क्षेत्रों में तेज़ी से विकास हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भगवान बिरसा मुंडा जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित करने और धरती आबा ग्राम उत्कर्ष व पीएम जनमन कार्यक्रम की शुरुआत को उन्होंने ऐतिहासिक कदम बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आज़ादी के बाद आदिवासी कल्याण का सबसे बड़ा अभियान है।
मुख्यमंत्री साय ने रायपुर में प्रधानमंत्री द्वारा लोकार्पित शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह संग्रहालय का भी उल्लेख किया और कहा कि यह संग्रहालय आने वाली पीढ़ियों को वीर सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से परिचित कराता रहेगा।
राज्य निर्माण के 25 वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और पीडीएस प्रणाली में व्यापक सुधार हुए हैं। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद विकास में सबसे बड़ी बाधा रहा है, लेकिन सरकार के प्रयासों से यह अब अंतिम चरण में है। केंद्र सरकार ने 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद समाप्त करने का लक्ष्य तय किया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की नई औद्योगिक नीति के तहत 8 लाख करोड़ रुपए से अधिक निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिससे युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार व स्वरोजगार मिलेंगे। उन्होंने समाज को सरकार की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
- बोईरदादर, रायगढ़ में कंवर समाज के लिए एक नए सांस्कृतिक भवन का निर्माण
- सांस्कृतिक भवन तक मुख्य मार्ग से सीसी रोड निर्माण
- लैलूंगा के टुरटूरा में नए सामाजिक भवन की घोषणा
- लैलूंगा और घरघोड़ा में निर्मित सामाजिक भवनों का विस्तार किया जाएगा
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी कौशल्या साय, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, महापौर जीवर्धन चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
(समाप्त)





