प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 3 दिसंबर 2025

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज मंत्रालय महानदी भवन में नारसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (NMIMS) के प्रतिनिधि जगदीश वी. पारिख ने सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने नया रायपुर की एडुसिटी में संस्थान का कैंपस स्थापित करने का प्रस्ताव रखा।
बैठक में राज्य में उच्च शिक्षा के विस्तार और नई संभावनाओं पर चर्चा हुई। NMIMS प्रतिनिधि ने बताया कि संस्थान मैनेजमेंट और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करता है। उन्होंने यह भी कहा कि आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने विभागीय सहयोग का भरोसा दिया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार नया रायपुर में एडुसिटी का विकास कर रही है, ताकि प्रदेश के युवाओं को बड़े शहरों जैसी उच्च स्तरीय शिक्षा यहीं उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि NMIMS जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के आने से युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर मिलेंगे।
नया रायपुर में पहले से ही IIM, IIIT और नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी जैसे संस्थान मौजूद हैं। एडुसिटी में मल्टी-डिसिप्लीनरी यूनिवर्सिटी, रिसर्च सेंटर, इन्क्यूबेशन हब और अन्य आधुनिक सुविधाएँ विकसित की जा रही हैं।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत और NRDA के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।





