नई दिल्ली, 04 दिसंबर 2025

मदीना से हैदराबाद आ रही इंडिगो एयरलाइन की एक फ्लाइट में गुरुवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब विमान में बम होने की सूचना मिली। उड़ान के दौरान एक यात्री की संदिग्ध गतिविधियों ने भी यात्रियों और क्रू मेंबर को सतर्क कर दिया। तुरंत ही इसकी जानकारी एयर ट्रैफिक कंट्रोल और एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियों को दी गई।
सूचना मिलते ही सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किया गया और फ्लाइट को एहतियातन अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान के उतरते ही CISF, पुलिस और बम डिस्पोजल स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और विमान का पूरा क्षेत्र घेराबंदी कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने उस यात्री को हिरासत में लिया है जिसकी हरकतों को देखते हुए शक गहरा गया था। अधिकारियों के अनुसार, विमान की गहन तलाशी जारी है और किसी भी संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए सभी सुरक्षा इंतज़ाम बढ़ा दिए गए हैं।
डीसीपी जोन-4 अतुल बंसल ने घटना की पुष्टि की और कहा कि सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
इंडिगो और एयरपोर्ट प्रशासन यात्रियों से लगातार संपर्क में हैं और आगे की कार्रवाई तय की जा रही है।





