प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 09 दिसंबर 2025

वंदेमातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर लोकसभा में आयोजित विशेष चर्चा के दौरान भाजपा सांसद संतोष पाण्डेय ने जोरदार संबोधन देते हुए राष्ट्रभक्ति, इतिहास और राजनीतिक दृष्टिकोण पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने वंदेमातरम् को देश की स्वतंत्रता का प्राण मंत्र बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की।
पाण्डेय ने कहा कि “वंदे मातरम् का अर्थ है— माता की आराधना। यह उस धरती की आराधना है जिसकी गोद में हम पले-बढ़े हैं।” उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में वंदेमातरम् के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस गीत ने युवाओं के भीतर ऊर्जा, साहस और त्याग का संकल्प जगाया।
अपने वक्तव्य में पाण्डेय ने ऐतिहासिक प्रसंग भी उठाए। 1965 के भारत–चीन युद्ध के दौरान संसद में पंडित नेहरू और महावीर त्यागी के बीच हुई चर्चा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश की भूमि मात्र कोई टुकड़ा नहीं, बल्कि हमारी जन्मभूमि, मातृभूमि है।
भाजपा सांसद ने कांग्रेस पर भी सीधा हमला किया। उन्होंने कहा कि
“अक्साई चीन पर चीन के कब्जे को लेकर कांग्रेस की सरकार उदासीन रही। उनके लिए देश सिर्फ जमीन का टुकड़ा था। जबकि भारत भूमि पर जन्म लेने के लिए देवता भी तरसते हैं।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने भारत माता के सम्मान को कमतर करने वाले बयान दिए थे।
पाण्डेय ने कहा कि आज की पीढ़ी को वंदेमातरम् के गौरव से अवगत कराना समय की जरूरत है। “वंदेमातरम् को जन–जन तक पहुंचाया जाए, यही मेरी कामना है।”





