नई दिल्ली, 09 दिसंबर 2025

पिछले कई दिनों से परिचालन संकट झेल रही इंडिगो एयरलाइंस अब फिर से पटरी पर लौटने लगी है। एयरलाइन के सीईओ पीटर अल्बर्स ने मंगलवार को बयान जारी कर इसकी पुष्टि की और यात्रियों से माफी भी मांगी।
पीटर अल्बर्स ने कहा, “आपकी एयरलाइन IndiGo अपने पैरों पर वापस आ गई है। हमारा ऑपरेशन अब दोबारा से स्थिर हो चुका है। संकट के दौरान हम आपको निराश कर बैठे, इसके लिए हमें बेहद खेद है।”
सीईओ ने बताया कि अचानक आए परिचालन संकट के दौरान कैंसिल हुई सभी उड़ानों का पैसा बिना किसी सवाल के यात्रियों को लौटा दिया गया है। फंसे हुए यात्रियों की देखभाल की गई और उनका सामान भी सही मालिकों तक पहुंचा दिया गया है।
अल्बर्स ने कहा कि कंपनी इस पूरे घटनाक्रम की आंतरिक समीक्षा कर रही है ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।
“हालांकि हम कैंसिलेशन को वापस नहीं कर सकते, लेकिन भरोसा दिलाते हैं कि पूरी टीम दिन-रात काम कर रही है,” उन्होंने कहा।
इंडिगो ने संकट से बाहर निकलने के बाद अब ठोस कदम उठाने शुरू कर दिए हैं—समस्या के कारणों की पहचान, सिस्टम को मजबूत करना और यात्रियों को बेहतर अनुभव देने पर फोकस।
एयरलाइन ने दावा किया है कि अधिकांश उड़ानें अब समय पर संचालित हो रही हैं और स्थिति पूरी तरह सामान्य होने की ओर है।





