नई दिल्ली, 09 दिसंबर 2025

गोवा के नाइट क्लब में लगी भीषण आग के बाद राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने अवैध रूप से बने लूथरा ब्रदर्स के रोमिया लेन बीच क्लब को जमींदोज करने का आदेश दे दिया है। प्रशासन मंगलवार को ही क्लब पर बुलडोजर चला सकता है।
आग लगने की घटना के बाद क्लब के दोनों मालिक—सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा—दिल्ली से थाईलैंड भाग गए। गोवा पुलिस की मांग पर इंटरपोल ने उनके खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया है। पुलिस अब उन्हें भारत वापस लाने की कोशिश में जुटी है।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, रोमिया लेन बीच क्लब सरकारी जमीन पर अवैध तरीके से बनाया गया था। वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि “नाइट क्लब को मंगलवार को ही धराशायी कर दिया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी मशीनें तैयार कर ली हैं।”
इस भीषण अग्निकांड में 5 पर्यटकों सहित 25 लोगों की दर्दनाक मौत हुई थी। बताया गया कि इलेक्ट्रिक पटाखों से निकली चिंगारी क्लब की लकड़ी की सीलिंग से टकराई, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। कई लोग जान बचाने के लिए बेसमेंट में घुसे, लेकिन वहां वेंटीलेशन न होने से 21 लोगों की दम घुटने से मौत हो गई।
मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश के बाद पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि क्लब के मालिक देश से फरार हैं, जिन्हें वापस लाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों की मदद से प्रयास जारी हैं।
गोवा सरकार ने यह साफ कर दिया है कि अवैध निर्माण और लापरवाही से लोगों की जान लेने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई से कोई नहीं बच सकेगा।





