प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 10 दिसंबर 2025

छत्तीसगढ़ के बस्तर और सरगुजा अंचल के दूरदराज वनांचलों को बेहतर परिवहन सुविधा से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना लगातार विस्तार कर रही है। आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने योजना के द्वितीय चरण का औपचारिक शुभारंभ किया और नई बसों को वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
दूसरे चरण में 10 जिलों के 23 मार्गों पर 24 नई बसें शुरू की गईं, जिससे कुल 180 गांव पहली बार सीधे बस सुविधा से जुड़ गए हैं।
कार्यक्रम में कई ग्रामीण उसी बस से पहुंचे, जिसे पहले चरण में शुरू किया गया था।
सुकमा–दोरनापाल–कोंटा मार्ग से आए ग्रामीणों ने बताया कि
110 किलोमीटर की यात्रा जो पहले कई घंटों की कठिनाई के साथ होती थी, अब बस की वजह से सहज और सुरक्षित हो गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ के हर गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि यह योजना सिर्फ परिवहन व्यवस्था नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक समानता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि कई ऐसे दुर्गम इलाके जहाँ कभी परिवहन की कल्पना भी मुश्किल थी, वहाँ अब बस सेवाओं की शुरुआत हो रही है। योजना विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा के जनजातीय इलाकों के लिए वरदान साबित हो रही है।
4 अक्टूबर 2025 को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने योजना के प्रथम चरण की शुरुआत की थी, जिसमें 250 गांव शामिल हुए थे।
अब दूसरे चरण के साथ 180 और गांव जुड़ गए हैं।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, अरुण साव सहित अनेक मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।





