सूरजपुर, 13 दिसंबर 2025
सूरजपुर जिले के नयनपुर स्थित मित्तल कोल्ड स्टोरेज में शनिवार सुबह करीब 10 बजे बड़ा हादसा हो गया। चावल के बोरे निकालने के दौरान कोल्ड स्टोरेज की कमजोर दीवार अचानक ढह गई, जिससे चार मजदूर उसके नीचे दब गए। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक मजदूर गंभीर रूप से घायल है, जिसका उपचार जारी है।

कैसे हुआ हादसा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कोल्ड स्टोरेज की दीवार पहले से कमजोर थी। मजदूर जब चावल के बोरे निकाल रहे थे, तभी चावल का भार सहन न कर पाने के कारण पहले एक और फिर दूसरी दीवार गिर गई। मलबे में दबने से मजदूरों को गंभीर चोटें आईं।
अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर एस जयवर्धन और एसएसपी प्रशांत ठाकुर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों के निर्देश दिए। पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और पूरे परिसर की जांच की जा रही है।
ग्रामीणों का प्रदर्शन
घटना के बाद कोल्ड स्टोरेज के बाहर ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे और संचालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की। अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
मुआवजे का आश्वासन
कलेक्टर एस जयवर्धन ने बताया कि मलबा हटाकर सुनिश्चित किया गया है कि कोई अन्य मजदूर दबा नहीं है। तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। प्रोविडेंट फंड के नियमों के अनुसार मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिया जाएगा।
वहीं, एसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। जांच के बाद यदि दोषियों की भूमिका सामने आती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, हादसे की विस्तृत जांच जारी है और घायल मजदूर का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।





