प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 15 दिसंबर 2025।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विजय दिवस (16 दिसंबर) के अवसर पर देश के वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि विजय दिवस भारतीय सेना के शौर्य, साहस और अदम्य पराक्रम का गौरवपूर्ण प्रतीक है, जो हर देशवासी के मन में गर्व और कृतज्ञता का भाव जाग्रत करता है।

मुख्यमंत्री ने 1971 के ऐतिहासिक युद्ध को स्मरण करते हुए कहा कि भारतीय सेना के जवानों ने असाधारण साहस, त्याग और बलिदान का परिचय देकर देश की अखंडता और संप्रभुता की रक्षा की। उनके पराक्रम से न केवल भारत की सैन्य शक्ति विश्व पटल पर स्थापित हुई, बल्कि मानवीय मूल्यों और राष्ट्रधर्म की मिसाल भी कायम हुई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शहीदों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की अमर प्रेरणा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे देशभक्ति, अनुशासन और एकता के मूल्यों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि शहीदों के आदर्शों पर चलना, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना और देश सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना ही विजय दिवस पर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।





