6 Jun 2026, Sat

आज की बड़ी खबरें : विधानसभा में उठेगा धान, स्वास्थ्य और सड़क का मुद्दा…मंत्री अरुण साव, दयालदास बघेल और श्याम बिहारी देंगे प्रश्नों के जवाब…PCC चीफ दिल्ली से रायपुर लौटेंगे…छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल द्वारा पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन…पढ़ें आज की सभी बड़ी खबरें

प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 16 दिसंबर 2025

छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज स्वास्थ्य, सड़क, खेल, धान, राशनकार्ड और पर्यटन का मुद्दा उठेगा । शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री दयालदास बघेल, टंकराम वर्मा, श्यामविहारी जायसवाल और राजेश अग्रवाल सवालों के जवाब देते नजर आएंगे । आज सदन PWD और PHE विभाग के सवालों से गर्म रह सकता है । वहीं आज सदन में राशन कार्ड का मुद्दा भी उठने वाला है, ऐसे में उस विषय पर भी सदन के गर्म होने के आसार है । आपको बताते चलें कि पहले शीतकालीन सत्र की कार्यवाही 17 दिसंबर तक थी, जिसे अब 19 दिसंबर तक कर दिया गया है ।  दो दिनों में वंदे मातरम् पर चर्चा होगी ।

 

 

पीसीसी चीफ लौटेंगे रायपुर

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज आज नई दिल्ली से रायपुर लौटेंगे । नई दिल्ली में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ रैली में शामिल होने के साथ कई बड़े नेताओं से मुलाकात के बाद आज दीपक बैज नियमित विमान से शाम 5 बजकर 25 मिनट में रायपुर एयरपोर्ट लैंड करेंगे, इसके बाद अपने शासकीय निवास देवेंद्र नगर चले जाएंगे ।

छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड का शानदार आयोजन: कोंडागांव के धनकुल एथनिक रिसॉर्ट में आज पेंटिंग प्रतियोगिता, विजेताओं को आकर्षक नगद पुरस्कार

छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड राज्य की स्थापना के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 8 दिसंबर से 21 दिसंबर 2025 तक विशेष गतिविधियों और प्रतियोगिताओं की भव्य श्रृंखला आयोजित कर रहा है। प्रदेश के विभिन्न पर्यटन केंद्रों, रिसॉर्ट्स और पर्यटन बोर्ड के प्रधान कार्यालय रायपुर में रचनात्मक कार्यक्रमों का दौर चल रहा है। इनका मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है।

पढ़ें   गिरदावरी कार्य में विसंगति के चलते 71 पटवारियों को शो कॉज नोटिस, तखतपुर सहित विभिन्न तहसीलों में जवाब तलब

इसी कड़ी में पर्यटन बोर्ड 16 दिसंबर 2025 को कोंडागांव में स्थित धनकुल एथनिक रिसॉर्ट में पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन करने जा रही है। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 3 हजार रुपये नगद, द्वितीय को 2 हजार रुपये तथा तृतीय को 1 हजार रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। सभी विजेताओं को प्रमाणपत्र भी भेंट किए जाएंगे।

 

Share