बस्तर, 17 दिसंबर 2025/ बस्तर जिले के कुम्हारपारा में महारा समाज द्वारा आयोजित सनातन धर्म में घर वापसी कार्यक्रम धार्मिक विधि-विधान और सामाजिक समरसता के वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर कुम्हारपारा निवासी घासीराम बेसरा, गीता नेताम, अतुल नेताम और रेहान नेताम ने विधिवत रूप से सनातन धर्म में घर वापसी की। जानकारी के अनुसार ये परिवार पिछले लगभग 20 वर्षों से ईसाई पंथ का अनुसरण कर रहे थे।

कार्यक्रम के दौरान समाज के पदाधिकारियों और उपस्थित जनसमुदाय ने घर वापसी करने वाले परिवारों का स्वागत किया और उन्हें पुनः सनातन संस्कृति, परंपराओं और मूल आस्था से जोड़ने का संकल्प लिया। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ यह कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
महारा समाज के संभागीय अध्यक्ष कन्हैया सोना ने कहा कि महारा समाज निरंतर स्वेच्छा से घर वापसी के कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। उन्होंने बताया कि आगे भी कुछ मतांतरीत परिवार सनातन धर्म में लौटने के लिए तैयार हैं, जिनके लिए शीघ्र ही विधिवत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बजरंग दल के जिला संयोजक मुन्ना बजरंगी ने कहा कि सनातन धर्म विश्व का सबसे प्राचीन और समरसता पर आधारित धर्म है। घर वापसी के माध्यम से लोग अपनी मूल संस्कृति, परंपरा और पहचान से पुनः जुड़ रहे हैं। यह प्रक्रिया पूरी तरह स्वेच्छा पर आधारित है और किसी भी प्रकार का दबाव नहीं है। बजरंग दल समाज में सांस्कृतिक जागरण और सामाजिक एकता के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
इस अवसर पर महारा समाज के संभाग संयोजक विनय सोना, संरक्षक नवल नाग, जिला अध्यक्ष कन्हैया सोना, उपाध्यक्ष घनश्याम नाग, अमित मेहरा, बजरंग दल के कार्यकर्ता सहित समाज के अनेक पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





