प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 19 दिसंबर 2025
न्यायधानी बिलासपुर में 23 से 25 दिसंबर तक आयोजित होने वाले राज्य युवा महोत्सव-2025 में प्रदेशभर से 3100 युवा भागीदारी करेंगे। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र, बहतराई में आयोजित इस तीन दिवसीय महोत्सव में जिला स्तरीय युवा उत्सव के विजेता प्रतिभागी 14 विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। राज्य स्तर पर चयनित विजेता प्रतिभागियों को राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में आयोजित प्रेस-कॉन्फ्रेंस में महोत्सव की विस्तृत जानकारी दी और कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार तथा संचालक तनूजा सलाम भी उपस्थित रहीं।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि राज्य युवा महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना, उनकी प्रतिभा को निखारना और उन्हें राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है। इसी क्रम में प्रदेश के सभी जिलों में 24 नवंबर से 15 दिसंबर तक जिला स्तरीय युवा महोत्सव आयोजित किए गए थे, जिनके विजेता अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
राज्य युवा महोत्सव में कुल 14 विधाओं में प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें 8 दलीय और 6 एकल विधाएं शामिल हैं। दलीय विधाओं में लोकनृत्य, पंथी नृत्य, राउत नाचा, सुआ नृत्य, करमा नृत्य, लोकगीत, रॉक बैंड और एकांकी शामिल हैं। वहीं एकल विधाओं में वाद-विवाद, कहानी लेखन, चित्रकला, कविता लेखन, नवाचार (साइंस मेला) और पारंपरिक वेशभूषा की प्रतियोगिताएं होंगी।
पुरस्कार राशि की जानकारी देते हुए बताया गया कि दलीय विधाओं में प्रथम स्थान पर 20 हजार रुपये, द्वितीय पर 15 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर 10 हजार रुपये दिए जाएंगे। एकल विधाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमशः 5 हजार, 3 हजार और 2 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी। इसके अलावा प्रत्येक प्रतिभागी को 1,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। लोकनृत्य, लोकगीत, वाद-विवाद, चित्रकला और कविता लेखन की विधाओं के विजेता राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2026 में हिस्सा लेंगे।
महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक संध्याओं का भी आयोजन होगा। 23 दिसंबर को उद्घाटन दिवस पर शाम 5 से 8 बजे तक आरूग बैण्ड (अनुज शर्मा) की प्रस्तुति और नारायणपुर के प्रसिद्ध मल्लखंब का प्रदर्शन होगा। उसी दिन रात साढ़े 8 बजे बिलासपुर पुलिस ग्राउंड में कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास सहित अन्य कवि कविता पाठ करेंगे।
24 दिसंबर को काफिला बैण्ड और स्वप्निल लाइव बैण्ड की प्रस्तुति होगी, जबकि 25 दिसंबर को समापन दिवस पर आरू साहू और दायरा (बस्तर) बैण्ड की प्रस्तुति दी जाएगी। समापन समारोह में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।
प्रेस-कॉन्फ्रेंस में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की उप संचालक रश्मि ठाकुर सहित विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।





