प्रमोद मिश्रा
आरंग/रायपुर, 19 दिसंबर 2025

छत्तीसगढ़ सरकार ने रायपुर जिले के आरंग क्षेत्र में स्थित समोदा–बनरसी–तुलसी मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य को प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। लोक निर्माण विभाग को वित्तीय वर्ष 2025–26 के बजट अंतर्गत ₹1815.98 लाख की मंजूरी मिली है। इस परियोजना में 8.20 किलोमीटर लंबे मार्ग का उन्नयन तथा आवश्यक पुल–पुलिया निर्माण शामिल है।
परियोजना के पूरा होने पर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, सड़क सुरक्षा में सुधार आएगा और ग्रामीण–शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन सुगम होगा। इससे स्थानीय नागरिकों, किसानों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। साथ ही, निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
सरकारी आदेश के अनुसार निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों, गुणवत्ता नियंत्रण, पारदर्शी निविदा प्रक्रिया और समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाएगा। परियोजना को क्षेत्रीय विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस स्वीकृति में कैबिनेट मंत्री और आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब की भूमिका अहम रही है। क्षेत्र के नागरिकों ने सड़क परियोजना की मंजूरी पर सरकार और मंत्री के प्रति आभार जताया है।





