प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 23 दिसंबर 2025

प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति पर अमल करते हुए उप मुख्यमंत्री सह लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने भ्रष्टाचार के एक गंभीर मामले में कड़ा कदम उठाया है। बीजापुर जिले के नेलसनार–कोडोली–मिरतुल–गंगालुर मार्ग निर्माण में अनियमितताओं के आरोपों के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) के एक कार्यपालन अभियंता (EE) और दो अनुविभागीय अधिकारियों (SDO) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

विवेचना के दौरान प्रकरण में संलिप्तता पाए जाने पर सुकमा संभाग के कार्यपालन अभियंता हरनारायण पात्र, बीजापुर उपसंभाग क्रमांक-1 के अनुविभागीय अधिकारी प्रमोद सिंह तंवर और सेतु उपसंभाग जगदलपुर के अनुविभागीय अधिकारी संतोष दास के खिलाफ कार्रवाई की गई। गंगालूर थाने में अपराध पंजीबद्ध होने के बाद यह निर्णय लिया गया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद मंत्रालय से निलंबन आदेश जारी किए गए। निलंबन अवधि में तीनों अधिकारियों का मुख्यालय प्रमुख अभियंता कार्यालय, नवा रायपुर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
डिप्टी सीएम साव ने स्पष्ट कहा कि “भ्रष्टाचार के लिए हमारी सरकार में कोई जगह नहीं है”—सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाती रहेगी।





