प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 25 दिसंबर 2025
रायपुर में एक मामूली ठंडे भजिया के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। 27 वर्षीय डेयरी कर्मचारी की उसके ही दोस्त ने बेरहमी से हत्या कर दी। यह घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र के कचना इलाके में स्थित साहू मिल्क डेयरी में हुई। पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई।

मृतक की पहचान दुर्गेश धृतलहरे के रूप में हुई है, जबकि आरोपी सनी साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 23 दिसंबर की रात दुर्गेश और सनी साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इस दौरान दुर्गेश भजिया लेकर आया, जिस पर सनी ने कहा कि भजिया ठंडा है। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही हिंसक झगड़े में बदल गई।
गुस्से में आकर सनी साहू ने दुर्गेश पर लोहे की रॉड और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। CCTV फुटेज में आरोपी को पीड़ित को घसीटते, रॉड से मारते और घूंसे बरसाते हुए साफ देखा जा सकता है।
घटना के बाद डेयरी मालिक चिंटू साहू ने रात 1 बजे पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि दोनों कर्मचारी गायब थे और कमरे में खून के धब्बे मिले थे।
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद सनी साहू पहले मौके से फरार हो गया, लेकिन बाद में वह दुर्गेश को डॉ. भीमराव अंबेडकर मेमोरियल अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां डॉक्टरों ने दुर्गेश को मृत घोषित (Brought Dead) कर दिया।
अस्पताल में मौजूद लोगों ने आरोपी को शव के पास बैठकर रोते हुए देखा, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज की है। पूछताछ में सनी साहू ने अपराध कबूल करते हुए बताया कि यह सब शराब पीने के दौरान हुए मामूली विवाद के कारण हुआ। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।





