6 Jun 2026, Sat
Breaking

आज की बड़ी खबरें : CM विष्णुदेव साय राजनांदगांव जिले में करेंगे शहीद गैंदसिंह नायक की मूर्ति का अनावरण…DEPUTY CM अरुण साव का मुंगेली जिला प्रवास… मुख्यमंत्री निवास के साथ प्रदेशभर में ‘वीर बाल दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन…’विकसित भारत जी राम जी’ को लेकर विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन…पढ़ें आज की सभी बड़ी खबरें

प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 26 दिसंबर 2025

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजनांदगांव जिले के दौरे पर रहेंगे । तय कार्यक्रम के मुताबिक दोपहर 12 बजकर 25 मिनट में रायपुर से रवाना होकर राजनांदगांव जिले के ग्राम गोडलवाही पहुंचेंगे और वहां शहीद गैंदसिंह नायक की मूर्ति का अनावरण करेंगे । गोडलवाही में ही हायर सेकेंडरी स्कूल भवन और प्री – मैट्रिक छात्रावास का लोकार्पण भी करेंगे। स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीणों को जमीनों के पट्टे का भी वितरण सीएम करेंगे । इसके बाद रायपुर आयेंगे और मुख्यमंत्री निवास में शाम 7:30 बजे से ‘वीर बाल दिवस’ कार्यक्रम में शामिल होंगे । तय कार्यक्रम के मुताबिक रात्रि 8 बजकर 45 मिनट में गुरुद्वारा जायेंगे ।

 

 

उपमुख्यमंत्री का प्रवास

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव आज मुंगेली जिले के प्रवास पर रहेंगे । तय कार्यक्रम के मुताबिक सुबह 9 बजे अपने रायपुर के शासकीय निवास से रवाना होकर मुंगेली जिले के लोरमी विधानसभा के ग्राम डोंगरिया पहुंचेंगे और मनियारी नदी में एनीकेट निर्माण का भूमिपूजन करेंगे । इसके बाद लाखासार रोड में नवीन साहू भवन का लोकार्पण करेंगे । लोरमी विधानसभा के ग्राम डिंडोरी में विधानसभा स्तरीय महिला संगठन कार्यक्रम में शामिल होंगे । लोरमी विधानसभा के ग्राम कोतमी में श्री रामचरित मानस सम्मेलन कार्यक्रम में शामिल होंगे । रात्रि अपने नवा रायपुर स्थित शासकीय निवास लौट आएंगे ।

वीर साहिबजादों के बलिदान की स्मृति में 26 दिसंबर को छत्तीसगढ़ में वीर बाल दिवस का राज्यव्यापी आयोजन

भारत सरकार, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के निर्देशानुसार 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस का आयोजन छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में किया जाएगा। 26 दिसंबर को दसवें सिख गुरु श्री गुरु गोविन्द सिंह जी के वीर पुत्रों साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह एवं बाबा फतेह सिंह के अद्वितीय बलिदान की स्मृति में वीर बाल दिवस को राष्ट्रीय दिवस के रूप में मनाया जाएगा। वीर बाल दिवस 2025 का राष्ट्रीय स्तर का मुख्य कार्यक्रम 26 दिसंबर को भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होगा, जिसमें प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी उपस्थित रहेंगे। प्रधानमंत्री दोपहर 12.30 बजे बच्चों और युवाओं को संबोधित करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका और योगदान को रेखांकित करेंगे।

पढ़ें   बीजापुर में 30 माओवादियों ने थामा मुख्यधारा का रास्ता, ₹85 लाख के इनामी कैडरों का आत्मसमर्पण; सीएम साय बोले– शांति और विकास की जीत

राज्य एवं जिला स्तर पर व्यापक आयोजन

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार राज्य में संचालित बाल देखरेख संस्थाओं, जिला बाल संरक्षण इकाइयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, शासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में वीर बाल दिवस के अवसर पर विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

इन आयोजनों के अंतर्गत तीन आयु वर्ग—3 से 6 वर्ष, 6 से 10 वर्ष एवं 11 से 18 वर्ष के बच्चों के लिए रचनात्मक, शैक्षणिक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें चित्रकला, पोस्टर निर्माण, रचनात्मक लेखन, निबंध, प्रश्नोत्तरी, कहानी सुनाना, पुस्तक पठन सत्र, भाषण एवं वाद-विवाद, नाटक, भूमिका निर्वाह, नारा लेखन प्रतियोगिता, रैलियां, जागरूकता पदयात्राएं, समूह चर्चाएं, सहपाठी शिक्षण मंडलियां तथा खेल एवं फिटनेस गतिविधियां शामिल होंगी।

विकसित भारत जी राम जी’ के लिए 26 दिसंबर को विशेष ग्राम सभाओं का होगा आयोजन

केंद्र सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार गारंटी को सुनिश्चित करने के लिए नवीन एवं उन्नत प्रावधानों के साथ विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण का निर्माण किया गया है। जिसे संक्षेप में ‘विकसित भारत जी राम जी 2025’ भी कहा जा रहा है। इस नए अधिनियम से विकसित भारत की कल्पना साकार होगी और ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव भी लाएगा। इन्हीं बदलावों के विषय में ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए प्रदेश के सभी ग्राम एवं ग्राम पंचायत मुख्यालय में 26 दिसंबर को विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। इस ग्राम सभा में गांव के सभी गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया जाएगा तथा ग्राम सभा से संबंधित सभी गतिविधियों को ग्राम सभा निर्णय मोबाइल एप में अपलोड भी किया जाएगा।

पढ़ें   पोड़ी में विकास को मिली नई रफ्तार: CM विष्णु देव साय ने ₹126 करोड़ से अधिक के कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन, बोले -"अधोसंरचना सुदृढ़ होने से क्षेत्रीय विकास को मिलेगा नया आयाम"

 

Share

 

 

 

 

 

You Missed