प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 30 दिसंबर 2025

छत्तीसगढ़ पुलिस ने नववर्ष समारोह को लेकर पूरे राज्य में सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सड़क पर स्टंट करने या सार्वजनिक जगहों पर केक काटने वालों को तुरंत जेल भेजा जाएगा। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे प्रदेश को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
रायपुर पुलिस ने सभी होटल, कैफे और रेस्टोरेंट को रात 10 बजे तक डीजे और तेज संगीत बंद करने के निर्देश दिए हैं। बिना वैध लाइसेंस शराब परोसने वाले फार्महाउस और होटल संचालकों पर सख्त कार्रवाई होगी।
रायपुर एसएसपी लाल उमेद सिंह ने सभी कार्यक्रम आयोजकों को मेहमानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हर ग्राहक की जिम्मेदारी आयोजक की होगी। यदि कोई व्यक्ति नशे में होता है, तो उसे सुरक्षित घर पहुंचाना आयोजक की जिम्मेदारी होगी।
आयोजकों को पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था भी करनी होगी। मुख्य सड़कों और सर्विस रोड पर पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। ट्रैफिक जाम होने पर प्रतिष्ठानों पर जुर्माना लगाया जाएगा। इस वर्ष आबकारी विभाग ने केवल 12 अस्थायी शराब लाइसेंस जारी किए हैं, जबकि पिछले साल 42 लाइसेंस दिए गए थे।
राजधानी रायपुर में 600 पुलिसकर्मी और 50 पेट्रोलिंग वाहन तैनात रहेंगे। सभी प्रमुख आयोजनों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। बिलासपुर में एसएसपी राजनेश सिंह ने बताया कि 800 से अधिक पुलिसकर्मी और 100 होमगार्ड जवान ड्यूटी पर रहेंगे। ड्रोन और इंटरसेप्टर वाहन से भीड़ और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर नजर रखी जाएगी।
बस्तर संभाग में चार दिन पहले से ही सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। एएसपी महेश्वर नाग ने बताया कि जगदलपुर में 400 जवान तैनात हैं और 150 सीसीटीवी कैमरे शहर पर नजर रखे हुए हैं। होटल, बस स्टैंड और टैक्सी स्टैंड पर लगातार जांच की जा रही है।
दुर्ग पुलिस ने हुड़दंग और खतरनाक ड्राइविंग करने वालों पर तुरंत गिरफ्तारी की चेतावनी दी है। एसएसपी विजय अग्रवाल ने कहा कि 31 दिसंबर और 1 जनवरी को पूरा जिला 24 घंटे निगरानी में रहेगा।
इसी तरह के निर्देश रायगढ़ और सरगुजा जिलों में भी जारी किए गए हैं। बाहरी इलाकों की सभी दुकानें रात 12 से 12:30 बजे तक बंद रहेंगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना इमरजेंसी नंबर 112 या पुलिस कंट्रोल रूम 9479192099 पर दें।



