सुकमा, 31 दिसंबर 2025
सुकमा जिले में नक्सलियों तक हथियार और विस्फोटक पहुंचाने के मामले ने एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। कोतवाली सुकमा में दर्ज इस गंभीर मामले की जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) कर रही है। टेरर फंडिंग से जुड़े इस केस में एनआईए ने सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल कर दी है, जिसमें पांच नए आरोपियों के नाम जोड़े गए हैं।

इस नेटवर्क का मुख्य आरोपी मनीष सोड़ी पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि केसा और मनीला समेत अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। जांच के दौरान टिफिन बम और डेटोनेटर भी बरामद किए गए हैं, जो नक्सलियों को सप्लाई किए जाने थे। यह खतरनाक सामग्री जगरगुंडा क्षेत्र में सक्रिय पीएलजीए (पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी) तक पहुंचाई जा रही थी।
एनआईए की जांच में सामने आया है कि यह सप्लाई नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था और इसके जरिए नक्सलियों को लगातार विस्फोटक और हथियार उपलब्ध कराए जा रहे थे। एजेंसी अब पूरे सप्लाई चैन की हर कड़ी को जोड़कर इस आतंकी नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने में जुटी है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।





