प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 03 जनवरी 2026

नए साल की शुरुआत होते ही छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ जारी अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। नक्सली कमांडर बारसे देवा के सरेंडर के बाद अब बीजापुर और सुकमा में हुई मुठभेड़ों में कुल 5 नक्सलियों को ढेर कर दिया गया है।
बीजापुर जिले के दक्षिण क्षेत्र में डीआरजी की टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। सुबह करीब 5 बजे नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर मुठभेड़ शुरू हुई, जिसमें सुरक्षाबलों ने दो माओवादियों को मार गिराया।
वहीं सुकमा जिले के कोन्टा और किस्टाराम के जंगलों में हुई मुठभेड़ में तीन नक्सलियों को ढेर किया गया है। मौके से AK-47 और INSAS जैसे ऑटोमैटिक हथियार भी बरामद किए गए हैं। इस ऑपरेशन में सुकमा डीआरजी के जवान प्रमुख रूप से शामिल थे।
बारसे देवा के आत्मसमर्पण के बाद यह कार्रवाई नक्सल नेटवर्क के लिए दोहरा झटका मानी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस कार्रवाई से नक्सलियों की रीढ़ कमजोर हुई है और इलाके में शांति स्थापना की दिशा में बड़ा कदम बढ़ा है।





