प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 03 जनवरी 2026

CAF भर्ती से जुड़े अभ्यर्थियों ने आज उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने 2018 की भर्ती प्रक्रिया में वेटिंग लिस्ट से नियुक्ति की मांग उठाई।
विजय शर्मा ने बताया कि यह मामला कांग्रेस सरकार के कार्यकाल से जुड़ा है, जब वेटिंग लिस्ट जारी हुई थी लेकिन चयन नहीं किया गया। इस मुद्दे पर दो बार कोर्ट में सुनवाई हो चुकी है।
कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि चयन सूची की वैधता सिर्फ एक साल या नई भर्ती प्रक्रिया शुरू होने तक होती है, इसलिए वेटिंग लिस्ट से सीधी नियुक्ति संभव नहीं है। हालांकि सरकार इस पर फिर से चर्चा करेगी।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नक्सली बारसे देवा के सरेंडर पर कहा कि वह लंबे समय से तेलंगाना में छिपा हुआ था। छत्तीसगढ़ सरकार लगातार उस पर दबाव बना रही थी।
अब मन परिवर्तन के बाद वह आज औपचारिक रूप से सरेंडर करेगा। यह संकेत है कि देश से नक्सलवाद की समाप्ति की दिशा में बड़ा कदम बढ़ रहा है।
चैतन्य बघेल को मिली जमानत पर विजय शर्मा ने कहा कि देश की संवैधानिक संस्थाओं — चाहे न्यायालय हो या चुनाव आयोग — पर सभी को भरोसा रखना चाहिए।
यह पूरी तरह न्यायिक प्रक्रिया का विषय है।
विजय शर्मा ने बताया कि कर्मयोगी अभियान के तहत जनजातीय बहुल गांवों को विशेष रूप से चुना गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
करीब ढाई लाख की आबादी वाले दूरस्थ इलाकों में अब सड़क, अस्पताल, एम्बुलेंस जैसी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।
पीएम जनमन योजना के जरिए पिछड़े क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि नक्सल मुक्त घोषित पंचायतों को 1 करोड़ रुपये की विकास राशि दी जाएगी।
सुकमा की एक पंचायत को यह राशि पहले ही दी जा चुकी है।
आने वाले समय में बस्तर के सभी नक्सल मुक्त गांवों को यह लाभ मिलेगा।
हर जिले की सूची जारी हो चुकी है और पंचायत स्तर पर नक्सलियों के पुनर्वास व गांव को नक्सल मुक्त घोषित करने की प्रक्रिया चल रही है।



