प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 06 जनवरी 2026

शहर के ऐतिहासिक महाराजबंध तालाब को संवारने के लिए चल रहा ग्रीन आर्मी का स्वच्छता अभियान अब एक जनआंदोलन बन चुका है। 27 दिन से लगातार चल रहे इस अभियान में अब तक 64 ट्रक कचरा तालाब से बाहर निकाला जा चुका है। इसी क्रम में महापौर मीनल चौबे ने सोमवार को महाराजबंध तालाब पहुंचकर सफाई कार्य का निरीक्षण किया और ग्रीन आर्मी की टीम की खुले दिल से सराहना की।
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि यह सिर्फ सफाई नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जलस्रोतों को बचाने की मुहिम है। उन्होंने नगर निगम की ओर से अभियान को और मजबूत करने के लिए हर जरूरी सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
ग्रीन आर्मी के संस्थापक व प्रदेश अध्यक्ष अमिताभ दुबे ने बताया कि यह अभियान 11 दिसंबर से रोजाना सुबह 8 बजे श्रमदान के रूप में चल रहा है। तालाब से धार्मिक झांकियों के अवशेष, घाटों की गंदगी, सिंगल यूज प्लास्टिक और वर्षों से जमी गाद को लगातार हटाया जा रहा है।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष गुरदीप टुटेजा, भारती श्रीवास्तव, विनीत शर्मा, मोनिका बागरेचा, श्याम बघेल और हेमंत ठाकुर ने भी महापौर को अभियान की प्रगति की जानकारी दी।
अभियान के प्रोग्राम डायरेक्टर शशिकांत यदु ने कहा कि यह केवल सफाई नहीं बल्कि तालाब के पुनर्जीवन की लड़ाई है। उन्होंने स्वयंसेवकों और मीडिया के सहयोग को इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत बताया।
महाराजबंध तालाब की तस्वीर अब धीरे-धीरे बदल रही है और ग्रीन आर्मी का यह प्रयास पूरे रायपुर के लिए प्रेरणा बनता जा रहा है।



