धमतरी, 06 जनवरी 2026
छत्तीसगढ़ शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति और धमतरी पुलिस के लगातार चलाए जा रहे ऑपरेशन, सिविक एक्शन और जनजागरूकता अभियान का बड़ा असर सामने आया है। नगरी एरिया कमेटी सदस्य और गोबरा एलओएस कमांडर रही कुख्यात महिला नक्सली भूमिका उर्फ गीता उर्फ लता उर्फ सोमारी (37) ने मंगलवार को धमतरी पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।

भूमिका, थाना गुंगालुर, जिला बीजापुर की निवासी है और उस पर शासन द्वारा 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। उसने पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार पांडेय के समक्ष आत्मसमर्पण किया।
माओवादी संगठन में लंबे समय तक रहने के दौरान पारिवारिक जीवन से वंचित रहना, महिलाओं के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार और संगठन की विचारधारा से निराशा के चलते भूमिका ने मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया।
यह आत्मसमर्पण पुलिस मुख्यालय के सतत मार्गदर्शन और आईजी रायपुर रेंज अमरेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में संपन्न कराया गया।
भूमिका उर्फ गीता वर्ष 2005 से माओवादी संगठन से जुड़ी हुई थी।
- प्रारंभिक प्रशिक्षण के बाद 2010 तक प्लाटून-01 में रही
- 2010 में ओडिशा स्टेट कमेटी में भेजी गई
- 2011 से 2019 तक सीसीएम संग्राम की गार्ड रही
- 2019 से 2023 तक सीनापाली एरिया कमेटी में ACM
- सितंबर 2023 में गोबरा LOS कमांडर बनी
- संगठन में संख्या घटने के बाद नगरी और सीतानदी एरिया कमेटी के साथ संयुक्त रूप से सक्रिय थी
भूमिका कई नक्सली घटनाओं और मुठभेड़ों में सक्रिय रही है —
- 2010 – पड़कीपाली (महासमुंद) मुठभेड़, 8 नक्सली ढेर
- 2014 – मैनपुर के मोतिपानी जंगल में मुठभेड़
- 2016 – ओडिशा के कमलावाड़ी और पोतेलपाड़ा जंगल में मुठभेड़
- 2018 – बीजापुर के तिमेनार जंगल में मुठभेड़, 8 नक्सली मारे गए
- 2023 – गरियाबंद के ताराझार जंगल
- 2024 – धमतरी के एकावरी जंगल
- 2025 – धमतरी के मांदागिरी जंगल
- 10 नवंबर 2025 – गरियाबंद के सेमरा जंगल में मुठभेड़
5 लाख की इनामी महिला नक्सली के आत्मसमर्पण को नक्सल उन्मूलन अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि इससे क्षेत्र में सक्रिय अन्य नक्सलियों पर भी दबाव बढ़ेगा और वे भी मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित होंगे।





