कोरबा, 13 जनवरी 2026 छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कटघोरा क्षेत्र में 28 वर्षीय युवक ने पहले परफ्यूम पीया और फिर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान विद्यासागर उइके के रूप में हुई है, जो पेशे से मिस्त्री था। उसकी शादी पिछले साल 2025 में हुई थी और उसकी पत्नी इस समय 7 माह की गर्भवती है।

परिजनों के मुताबिक, विद्यासागर ने कुछ दिन पहले ऑनलाइन परफ्यूम मंगाया था। सोमवार 5 जनवरी को वह घर पहुंचा और अपने छोटे भाई से परफ्यूम मांगा। उसने परफ्यूम लगाया और शीशी लेकर अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद उसने परफ्यूम पी लिया और फिर फांसी लगा ली।
जब घरवालों को शक हुआ तो उन्होंने कमरे में जाकर देखा कि विद्यासागर फंदे पर लटका हुआ है।
परिजन तुरंत उसे नीचे उतारकर कटघोरा सरकारी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस को मौके से परफ्यूम की खाली शीशी मिली है, जिससे यह साफ हो गया कि युवक ने आत्महत्या से पहले परफ्यूम पीया था।
मृतक के बड़े भाई बजरंग सिंह उइके ने बताया कि विद्यासागर शांत स्वभाव का था, लेकिन कुछ दिनों से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह अक्सर कहता था कि किसी ने उस पर जादू-टोना करा दिया है। इसी डर और मानसिक परेशानी के कारण उसने यह कदम उठाया।
जिला अस्पताल के डॉक्टर डॉ. दिनेश मिश्र ने कहा कि जादू-टोना सिर्फ एक भ्रम है, लेकिन इसका डर लोगों को मानसिक रूप से इतना कमजोर कर देता है कि वे आत्मघाती कदम उठा लेते हैं।
जिला अस्पताल चौकी प्रभारी सुरेश मणि सोनवानी ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और केस डायरी संबंधित थाने भेजी जा रही है। मामले की जांच जारी है।





