प्रमोद कुमार
रायपुर, 13 जनवरी 2026
छत्तीसगढ़ में कक्षा 5वीं और 8वीं की वार्षिक बोर्ड परीक्षाएं मार्च 2026 में एक साथ आयोजित की जाएंगी। सीजी बोर्ड से संबद्ध सभी सरकारी और निजी स्कूलों (CBSE-ICSE को छोड़कर) इसमें शामिल होंगे। परीक्षा पूरी तरह केंद्रीकृत होगी और प्रश्नपत्र विषय-विशेषज्ञों (एक्सपर्ट) के जरिए तैयार कराए जाएंगे।

लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा परीक्षा से पहले मॉडल प्रश्नपत्र सभी स्कूलों को उपलब्ध कराया जाएगा ताकि छात्रों को पैटर्न की जानकारी मिल सके।
जिन छात्रों को किसी विषय में 33 प्रतिशत से कम अंक (ग्रेड-E) मिलेंगे, उनके लिए गर्मी की छुट्टियों के दौरान रेमेडियल यानी सुधारात्मक कक्षाएं चलाई जाएंगी। इसका उद्देश्य कमजोर विद्यार्थियों की शैक्षणिक कमियों को दूर कर उन्हें दोबारा मजबूत बनाना है।
इन छात्रों को अगली कक्षा में प्रमोट तो कर दिया जाएगा, लेकिन उन्हें संबंधित विषय में पूरक परीक्षा भी देनी होगी।
परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता के लिए 5वीं-8वीं की परीक्षा में भी 10वीं-12वीं बोर्ड जैसा सुरक्षा तंत्र लागू किया जाएगा —
- प्रश्नपत्र थाने में सुरक्षित रखे जाएंगे
- केंद्राध्यक्ष दूसरे स्कूलों से नियुक्त होंगे
- उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन केंद्रीय मूल्यांकन केंद्रों में होगा
- परीक्षा जिला स्तर पर DEO (जिला शिक्षा अधिकारी) द्वारा कराई जाएगी
प्रदेशभर में करीब 10 लाख छात्र इस परीक्षा में शामिल होंगे।
पिछले वर्ष कई निजी स्कूलों ने बोर्ड परीक्षा से दूरी बना ली थी, लेकिन इस बार जिन स्कूलों में छत्तीसगढ़ पाठ्यक्रम (CG Board) चल रहा है, वे सभी इस केंद्रीकृत परीक्षा का हिस्सा होंगे।
शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) की धारा-16 के तहत 8वीं तक किसी छात्र को फेल नहीं किया जा सकता। इसी कारण 2010-11 में 5वीं और 8वीं की बोर्ड परीक्षा बंद कर दी गई थी।
लेकिन बीते वर्षों में छात्रों की शैक्षणिक गुणवत्ता में गिरावट सामने आने के बाद अब सरकार ने दोबारा बोर्ड परीक्षा शुरू करने का फैसला लिया है।





