प्रमोद कुमार
रायपुर | 17 जनवरी 2026
राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण के कार्यक्रम 19 से 26 जनवरी तक आयोजित किए जाएंगे। गणतंत्र दिवस पर रायपुर में राज्यपाल और जगदलपुर में मुख्यमंत्री के आतिथ्य में विशेष आयोजन होंगे।

संस्कृति विभाग के अनुसार राज्य के सभी जिला, ब्लॉक, ग्राम पंचायत, स्कूल और कॉलेजों में ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के बाद सामूहिक वंदे मातरम् गायन किया जाएगा। कार्यक्रमों में मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होंगे।
दूसरे चरण के दौरान शैक्षणिक संस्थानों में एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड की सहभागिता से संगीतमय प्रस्तुतियां, विशेष सभाएं, निबंध, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, पोस्टर, रंगोली, चित्रकला और प्रदर्शनी आयोजित होंगी।
वहीं राज्य पुलिस बैंड सार्वजनिक स्थलों पर वंदे मातरम् और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देगा।
प्रदेश में वंदे मातरम् ऑडियो-वीडियो बूथ लगाए जाएंगे, जहां लोग अपनी आवाज में गायन रिकॉर्ड कर अभियान के पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। पोर्टल पर पहले से रिकॉर्डेड धुन के साथ गायन की सुविधा भी रहेगी।
- पहला चरण: 7–14 नवंबर 2025 (सफलतापूर्वक संपन्न)
- दूसरा चरण: 19–26 जनवरी 2026
- तीसरा चरण: 7–15 अगस्त 2026 (हर घर तिरंगा अभियान के साथ)
- चौथा चरण: 1–7 नवंबर 2026
संस्कृति विभाग का कहना है कि भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार ग्राम पंचायत से राज्य स्तर तक व्यापक जनभागीदारी के साथ यह आयोजन किया जा रहा है, ताकि नागरिकों में राष्ट्रगीत के प्रति भावनात्मक जुड़ाव और राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत हो सके।





