दुर्ग, 21 जनवरी 2026
दुर्ग जिले के बोरी थाना क्षेत्र के ग्राम दनिया में धार्मिक कथा के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कथा स्थल के पास रखे धान के पैरावट में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।

मौके पर पहुंचने पर दमकल कर्मियों ने देखा कि आग पैरावट से बढ़कर कथा स्थल के पंडाल के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुकी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चार दमकल गाड़ियों की मदद से लगातार पानी डालकर आग पर काबू पाया गया।
दमकल विभाग की तत्परता से आग को आगे फैलने से रोक लिया गया, जिससे कथा स्थल और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित किया जा सका। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है। समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना टल गई, जिसे लेकर स्थानीय लोगों ने दमकल टीम की सराहना की।





