इंफाल | 21 जनवरी 2026
फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया ने मणिपुर की राजधानी इंफाल स्थित ऐतिहासिक कांगला फोर्ट में 200वां विशाल राष्ट्रीय ध्वज स्थापित किया। यह अवसर देश की लोकतांत्रिक विरासत, न्यायिक संघर्ष और राष्ट्रभक्ति के गौरवपूर्ण संगम का प्रतीक बन गया।

यह दिन दो ऐतिहासिक न्यायिक फैसलों की याद दिलाता है—दिल्ली हाईकोर्ट के उस ऐतिहासिक निर्णय के 30 वर्ष, जिसने नागरिकों को सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने का अधिकार दिया और सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले के 22 वर्ष, जिसमें संविधान के अनुच्छेद 19(1)(ए) के तहत तिरंगा फहराने को मौलिक अधिकार घोषित किया गया।
200वें ध्वज के लिए कांगला फोर्ट का चयन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि 21 जनवरी 1972 को मणिपुर को पूर्ण राज्य का दर्जा मिला था। मैतेई संस्कृति और मणिपुर के राजाओं की ऐतिहासिक सत्ता का प्रतीक रहा यह किला अब राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रतीक तिरंगे से सुशोभित होगा।
फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष नवीन जिन्दल के दशक लंबे संघर्ष का यह प्रतिफल है, जिन्होंने भारत लौटने के बाद उस समय की प्रतिबंधात्मक ध्वज आचार संहिता को अदालत में चुनौती दी थी। उनका मानना रहा है कि तिरंगा हर भारतीय के गौरव और अभिव्यक्ति का प्रतीक है, जिसे फहराने का अधिकार हर दिन होना चाहिए।
23 जनवरी 2004 को सुप्रीम कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए स्पष्ट किया कि सम्मान के साथ तिरंगा फहराना ‘अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता’ का हिस्सा है। इसी फैसले के बाद देशवासियों को साल के 365 दिन गर्व के साथ तिरंगा फहराने का अधिकार मिला।
अपने संदेश में नवीन जिन्दल ने कहा कि तिरंगा भारत की एकता और सफलता का प्रतीक है। उन्होंने कहा,
“हर सुबह जैकेट पर तिरंगे की पिन लगाते ही मुझे अपने कर्तव्यों की याद आती है। तिरंगा आराम नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का अहसास कराता है।”
फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया ने 23 जनवरी को ‘राष्ट्रीय ध्वज दिवस’ घोषित करने की मांग तेज कर दी है। ‘अधिकार से जिम्मेदारी’ पहल के तहत फाउंडेशन का फोकस—
• युवाओं में तिरंगे के प्रति संवैधानिक चेतना
• ध्वज का सम्मानजनक उपयोग और पर्यावरण संरक्षण
• साल भर तिरंगा फहराकर राष्ट्र निर्माण में सहभागिता
फाउंडेशन ने देशवासियों से आह्वान किया कि वे तिरंगा फहराने के अधिकार के साथ-साथ उसके मूल्यों को जीने की जिम्मेदारी भी निभाएं।
फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया
नवीन जिन्दल और शालू जिन्दल द्वारा स्थापित यह गैर-लाभकारी संस्था देशभर में विशाल राष्ट्रीय ध्वजों की स्थापना और जागरूकता अभियानों के जरिए भारतीयों में राष्ट्रगौरव और एकता की भावना को मजबूत करने के लिए कार्यरत है।





