प्रमोद कुमार
रायपुर, 22 जनवरी 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में पुलिस मितान अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस मितानों की सक्रिय भागीदारी से सड़क दुर्घटनाओं में निश्चित रूप से कमी आएगी।
मुख्यमंत्री साय राजधानी रायपुर के सड्डू स्थित शांति सरोवर में आयोजित पुलिस मितान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पुलिस मितान ऐप का विधिवत शुभारंभ भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस मितान गांवों और मोहल्लों में न केवल सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करेंगे, बल्कि स्थानीय स्तर पर पुलिस के रिस्पॉन्स टाइम को भी बेहतर बनाने में मददगार साबित होंगे।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में “मितान” बनाने की परंपरा सामाजिक और मानवीय रिश्तों को मजबूत करने वाली रही है। सड़क सुरक्षा के लिए किया गया कार्य पुण्य का कार्य है, क्योंकि सड़क हादसों में जान गंवाने वाले परिवारों की क्षति की भरपाई संभव नहीं होती।
मुख्यमंत्री ने पुलिस मितान साथियों को इस अभिनव पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि रायपुर जिले की यह पहल प्रदेश के अन्य जिलों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार सभी वर्गों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। दूरस्थ और कम लाभ वाले रूटों पर परिवहन सुविधा देने के लिए मुख्यमंत्री बस सेवा योजना शुरू की गई है, जिसमें घाटे की भरपाई सरकार करेगी।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पुलिस से अच्छा कोई मितान नहीं हो सकता। पुलिस जवान कठिन परिस्थितियों में भी अनुशासन और निष्ठा से ड्यूटी निभाते हैं। अब पुलिस मितान समाज की सुरक्षा में पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि ट्रैफिक नियमों का पालन ही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है, और इसमें पुलिस मितानों की भूमिका निर्णायक होगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 4500 पुलिस मितानों को हेलमेट वितरित किए और प्रत्येक गांव को फर्स्ट ऐड किट प्रदान की। साथ ही आयोजन में सहयोग करने वाले समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।
पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने कहा कि पुलिस मितान योजना सामुदायिक पुलिसिंग की दिशा में एक प्रभावी और मजबूत पहल है।
कार्यक्रम का स्वागत भाषण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने दिया।
कार्यक्रम में शासकीय दिव्यांग विद्यालय, माना कैंप के बच्चों ने सड़क सुरक्षा पर आधारित प्रेरक गीत की प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रदीप गुप्ता, अमित कुमार, आईजी रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा, ब्रह्मकुमारी सविता दीदी, राम गर्ग सहित बड़ी संख्या में पुलिस मितान और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





