प्रमोद कुमार
रायपुर, 22 जनवरी 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर के श्रीराम बिजनेस पार्क में रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित राडा ऑटो एक्सपो-2026 के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार निरंतर विकास की दिशा में कार्य कर रही है, जिससे आम नागरिकों की परचेसिंग पावर बढ़ी है और बाजारों में रौनक दिखाई दे रही है।

मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए लोगों से ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने यामाहा XSR-155, टाटा सिएरा और महिंद्रा 7 XO वाहनों की लॉन्चिंग की। साथ ही “मनी मैटर्स” पुस्तक का भी विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में किसानों को धान का उचित मूल्य मिला है और उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ भी मिल रहा है। जीएसटी दरों में सुधार से कई वस्तुओं की कीमतों में कमी आई है। उन्होंने बताया कि जीएसटी में कटौती से बाइक की कीमत में 15 से 25 हजार रुपए तक और हार्वेस्टर की कीमत में लगभग 2 लाख रुपए तक की कमी आई है।
उन्होंने कहा कि राज्य की नई उद्योग नीति को देश-विदेश में सराहना मिल रही है। बीते एक वर्ष में लगभग 8 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से कई परियोजनाओं पर कार्य शुरू हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले ऑटो एक्सपो में 25 हजार वाहनों की बिक्री का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन लगभग 29 हजार वाहन बिके। इससे सरकार को करीब 800 करोड़ रुपए जीएसटी और परिवहन विभाग को 129 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ।
इस वर्ष ऑटो एक्सपो का आयोजन और अधिक वृहद स्तर पर किया गया है। एक्सपो में 300 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं और पहले ही दिन लगभग 2000 वाहनों का पंजीयन हो चुका है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस वर्ष 50 हजार वाहनों की बिक्री का लक्ष्य पूरा होगा।
मंत्रिपरिषद के निर्णय के अनुसार, 20 जनवरी से 5 फरवरी 2026 तक ऑटो एक्सपो के दौरान बिकने वाले वाहनों पर लाइफ टाइम रोड टैक्स में 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। यह छूट वाहन पंजीकरण के समय लागू होगी और इसका लाभ पूरे प्रदेश के वाहन विक्रेताओं को मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने ऑटो एक्सपो में सड़क सुरक्षा शपथ पर हस्ताक्षर किए और आगामी महिला दिवस पर आयोजित होने वाली नारी मैराथन के पोस्टर का भी विमोचन किया।
कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, परिवहन सचिव एस. प्रकाश, परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर, कैट के वाइस चेयरमैन अमर परवानी, राजकुमार सिंघानिया, रविन्द्र भसीन, विवेक गर्ग सहित रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।





