प्रमोद कुमार
रायपुर, 30 जनवरी 2026
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण (PMAY-G) के प्रभावी क्रियान्वयन में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वर्ष 2025-26 के लक्ष्यों की प्राप्ति में जिला पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान पर रहा है। यह उपलब्धि प्रशासन की सक्रियता, योजनाबद्ध निगरानी और ग्रामीणों की सहभागिता का परिणाम मानी जा रही है।

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बेघर और कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों को सभी मूलभूत सुविधाओं से युक्त पक्का आवास उपलब्ध कराना है। इस योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
बलौदाबजाजार-भाटापारा जिले ने वर्ष 2025-26 में कुल 26,843 आवास स्वीकृत कराए हैं। इनमें से
- 24,313 हितग्राहियों को प्रथम किश्त जारी की जा चुकी है,
- 20,480 आवासों का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है,
- जबकि 15,120 आवास प्लिंथ स्तर तक पूर्ण कर लिए गए हैं।
यह आंकड़ा राज्य के किसी भी जिले की तुलना में सर्वाधिक है।
जिले में 26,439 आवासों का एफटीओ किया जा चुका है, जिसमें से 24,313 हितग्राहियों के खातों में पहली किश्त का सफलतापूर्वक अंतरण किया गया है। कुल स्वीकृत आवासों में से 139 मकान पूर्ण हो चुके हैं, जो प्रशासनिक तत्परता को दर्शाता है।
पीएम जनमन योजना के अंतर्गत जिले में 25 पात्र हितग्राहियों का आवास स्वीकृत कर 100 प्रतिशत आवास निर्माण पूर्ण कराया गया है, जो विशेष उपलब्धि मानी जा रही है।
जल संरक्षण के क्षेत्र में भी बलौदाबाजार-भाटापारा जिले ने देशभर में पहचान बनाई है। जिले को जल संचयन में देश का द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 15,260 आवासों में रेनवाटर हार्वेस्टिंग संरचना का निर्माण कराया गया है, जिससे भू-जल स्तर सुधार में मदद मिल रही है।
इन उपलब्धियों से जिले के हजारों परिवारों का पक्के घर का सपना साकार हुआ है। साथ ही आवास निर्माण से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित हुए हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।





