प्रमोद कुमार
रायपुर, 31 जनवरी 2026

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज छत्तीसगढ़ के दौरे पर हैं। इस दौरान उनका फोकस सीधे किसानों से संवाद और खेती में हो रहे नवाचारों को नज़दीक से समझने पर रहेगा।
दौरे की शुरुआत प्रगतिशील किसान संघ के किसानों से मुलाकात के साथ होगी, जहां शिवराज सिंह चौहान खेतों में जाकर किसानों के अनुभव सुनेंगे। वे खेती में किए जा रहे नए प्रयोग, आधुनिक तकनीक और नवाचारों को भी मौके पर देखकर समझेंगे।
इसके बाद केंद्रीय कृषि मंत्री किसान मेले में शामिल होंगे, जिसमें बड़ी संख्या में किसान और कृषि क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहेंगे।
इस किसान मेले की खास बात यह है कि युवाओं को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि युवाओं के नए विचार और आधुनिक सोच कृषि को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
दौरे के अगले चरण में शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और कृषि मंत्री के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।
बैठक में केंद्र सरकार की कृषि एवं ग्रामीण विकास योजनाओं को छत्तीसगढ़ में और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने पर मंथन होगा।
केंद्रीय मंत्री ने छत्तीसगढ़ में ग्रामीण विकास के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य ने इस क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व की भूपेश सरकार द्वारा बताए गए 18 लाख आवास, जिन पर सवाल उठे थे, वे पिछले दो वर्षों में स्वीकृत हो चुके हैं और उनका निर्माण तेज़ी से जारी है।
इसके साथ ही ग्राम योजना के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं, जिससे गांवों में बुनियादी सुविधाओं और जीवन स्तर में सुधार देखने को मिल रहा है।





