प्रमोद कुमार
बलौदाबाजार, 31 जनवरी 2026

नगर के युवा और ऊर्जावान व्यवसायी अभिषेक ‘मिकी’ तिवारी को व्यापार क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन, रोजगारोन्मुख कार्यों और सामाजिक-धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए ‘छत्तीसगढ़ व्यापार रत्न सम्मान’ से नवाजा गया है। यह सम्मान उन्हें बीएनआई व्यापार एवं उद्योग मेला, बिलासपुर में प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थरानी, कार्यकारी अध्यक्ष जसप्रीत सिंह सलूजा, प्रदेश महिला अध्यक्ष ईला गुप्ता सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। प्रदेश के सभी जिलों से चयनित उद्योगपतियों और व्यापारियों को उनके क्षेत्रों में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के आधार पर सम्मानित किया गया।
सम्मान ग्रहण करने के बाद अभिषेक तिवारी ने बीएनआई व्यापार एवं उद्योग मेला के आयोजकों और छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स का आभार जताते हुए कहा कि वे देश, प्रदेश, जिला और नगर के विकास व जनहित के लिए सदैव समर्पित रहेंगे।
अभिषेक तिवारी न केवल व्यापार में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं, बल्कि गौ सेवा आयोग के जिला सदस्य, विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष के रूप में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इसके साथ ही उन्हें परिषद की प्रांतीय बैठक में प्रांत समरसता टोली का दायित्व भी सौंपा गया है।
व्यवसायिक क्षेत्र में वे ए.के. मोटर्स (यामाहा), एक्स्ट्राऑर्डिनरी क्लास वर्ल्ड स्कूल और नेहा मेडिकल स्टोर्स (चंदा देवी तिवारी हॉस्पिटल) जैसे प्रतिष्ठानों का सफल संचालन कर रहे हैं। इन संस्थानों के माध्यम से वे रोजगार सृजन के साथ-साथ जरूरतमंदों की सेवा में भी निरंतर योगदान दे रहे हैं।
धार्मिक और सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाने वाले अभिषेक तिवारी राष्ट्रहित के मुद्दों पर हमेशा मुखर रहते हैं और वे छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के आजीवन सदस्य भी हैं।





