प्रमोद कुमार
रायपुर, 31 जनवरी 2026

आरंग विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार लगातार तेज होती जा रही है। वित्तीय वर्ष 2025-26 की शुरुआत में ही क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। जल संसाधन विभाग द्वारा आरंग विधानसभा क्षेत्र के लिए कुल ₹2651.66 लाख (₹26.51 करोड़) की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस राशि से क्षेत्र में 6 महत्वपूर्ण विकास कार्य कराए जाएंगे, जिससे 702.64 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई सुविधा का विस्तार होगा।
यह स्वीकृति छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के सतत प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है। स्वीकृत योजनाओं में स्टॉपडेम निर्माण, नहरों का रीमॉडलिंग, सीसी लाइनिंग, माइनर लाइनिंग, विद्युत व्यवस्था का उन्नयन एवं रखरखाव जैसे अहम कार्य शामिल हैं।
इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में सिंचाई क्षमता बढ़ेगी, किसानों को बेहतर जल उपलब्धता मिलेगी और कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि की उम्मीद है। साथ ही क्षेत्र की बुनियादी अधोसंरचना भी मजबूत होगी।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दे रही है। आरंग विधानसभा में लगातार मिल रही स्वीकृतियां सरकार की विकासोन्मुखी सोच और मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में भी आरंग क्षेत्र को विकास की नई-नई सौगातें मिलती रहेंगी और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा।





