प्रमोद कुमार
रायपुर | 3 फरवरी 2026

राजधानी रायपुर में अभिनेत्री सनी लियोनी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। बजरंग दल ने इस आयोजन का खुलकर विरोध करते हुए कार्यक्रम रद्द करने की मांग की है। संगठन ने सोशल मीडिया के जरिए चेतावनी दी है कि यदि कार्यक्रम आयोजित किया गया तो विरोध किया जाएगा।
बजरंग दल के जिला संयोजक रवि वाधवानी ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से आयोजकों को चेतावनी देते हुए कहा कि भगवान राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में किसी भी तरह की अश्लीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम भारतीय संस्कृति और सामाजिक मूल्यों के खिलाफ हैं।
22 फरवरी को प्रस्तावित है कार्यक्रम
जानकारी के अनुसार 22 फरवरी को रायपुर में सनी लियोनी का एक कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम की घोषणा के बाद से ही इसका विरोध शुरू हो गया है और मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
किसी भी हालत में नहीं होने देंगे आयोजन
बजरंग दल के प्रांत स्तरीय पदाधिकारी रवि वाधवानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ एक पवित्र भूमि है और यहां इस तरह के कार्यक्रम स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में भी ऐसे आयोजनों से प्रदेश का सामाजिक माहौल प्रभावित हुआ है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि इस कार्यक्रम का हर स्तर पर विरोध किया जाएगा।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। बढ़ते विरोध के बीच कार्यक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।





