पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने महाराष्ट्र निवासी आरोपी हम्जा शेख के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

पीड़िता (18) ने पुलिस को बताया कि उसकी मौसी की शादी महाराष्ट्र के पुणे-बीड़ क्षेत्र में हुई है। इसी दौरान वर्ष 2025 में उसका संपर्क मौसी के देवर हम्जा शेख से हुआ। शुरुआत में मोबाइल और वीडियो कॉल के जरिए सामान्य बातचीत होती थी, जो बाद में प्यार में बदल गई।
कुछ समय बाद आरोपी ने युवती के नाम से एक इंस्टाग्राम आईडी बनवाई, जिसका पासवर्ड दोनों के पास था। इसी दौरान वीडियो कॉल के समय आरोपी ने युवती से कपड़े उतरवाए और उसकी स्क्रीन रिकॉर्डिंग व स्क्रीनशॉट ले लिए।
आरोपी ने अश्लील वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर युवती से 50 हजार रुपए की मांग की। डर के कारण युवती ने कई बार फोन-पे और कैश के जरिए 990 रुपए की रकम आरोपी को दी, लेकिन आरोपी लगातार और पैसे मांगता रहा।
जब युवती ने और पैसे देने से इनकार किया, तो 27 जनवरी 2026 को आरोपी ने उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट कर दिया।
थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि आरोपी हम्जा शेख के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67(ए) तथा बीएनएस की धारा 308(2) और 296 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है और पुलिस जांच में जुटी हुई है।



