प्रमोद कुमार
रायपुर | 04 फरवरी 2026

रायपुर रेलवे स्टेशन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के प्रयास से अंबिकापुर-दुर्ग एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 18242) अब रायपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 से प्रस्थान करेगी। यह नई व्यवस्था दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन के सहयोग से लागू कर दी गई है।
दरअसल, राजधानी रायपुर के यात्रियों की यह मांग लंबे समय से चली आ रही थी। प्लेटफॉर्म बदलने के कारण यात्रियों, खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए पर्यटन मंत्री के कार्यालय ने मंडल रेल प्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर को पत्र लिखकर व्यवस्था में बदलाव की मांग की थी।
पत्र में यात्रियों को हो रही असुविधाओं का विस्तार से उल्लेख किया गया था। मंडल रेल प्रबंधक ने मामले का त्वरित संज्ञान लेते हुए अंबिकापुर-दुर्ग एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म-1 से संचालित करने के निर्देश जारी कर दिए।
इस जनहितकारी निर्णय से अंबिकापुर, दुर्ग सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। अब उन्हें प्लेटफॉर्म बदलने की झंझट से राहत मिलेगी और यात्रा पहले से अधिक सुविधाजनक हो सकेगी।
पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने मंडल रेल प्रबंधक और संबंधित रेल अधिकारियों का आभार जताते हुए यात्रियों को इस नई सुविधा के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।





