प्रमोद कुमार
रायपुर, 06 फरवरी 2026

सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड अंतर्गत रामगढ़ में मितानिनों द्वारा आयोजित स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन में छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मितानिनों को सम्मानित करते हुए कहा कि मितानिन बहनें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की सबसे सशक्त और भरोसेमंद कड़ी हैं। सरकार आपके हर प्रयास में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि मितानिन बहनें शासन की स्वास्थ्य और जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य कर रही हैं और ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की धुरी हैं। सम्मेलन के दौरान ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने का संकल्प भी लिया गया।
उदयपुर विकासखंड की 59 ग्राम पंचायतों से 389 मितानिन, 20 मितानिन ट्रेनर, दो ब्लॉक को-ऑर्डिनेटर और पांच विकासखंड समन्वयक सम्मेलन में शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायत स्तर की स्वास्थ्य समस्याओं को चिन्हित कर संबंधित विभागों तक पहुंचाना था। मितानिनों ने क्षेत्रीय चुनौतियों से अधिकारियों को अवगत कराया और ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण समिति को सक्रिय बनाने पर जोर दिया।
जिला समन्वयक अर्चना कुशवाहा ने बताया कि मितानिनें मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता के माध्यम से समुदाय को सशक्त बना रही हैं। वहीं विकासखंड समन्वयक गायत्री श्रीवास्तव और मानकुंवर प्रजापति ने मितानिनों को स्वास्थ्य तंत्र की मजबूत कड़ी बताया।
इस वर्ष विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 185 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें स्वास्थ्य विभाग के 85, महिला एवं बाल विकास के 26, पीएचई के 12, खाद्य विभाग के 12, जनपद स्तर के 25, पुलिस के 8, विद्युत के 5, शिक्षा के 5, सेंट्रल बैंक के 5 और विधायक स्तर के 7 आवेदन शामिल हैं। मंत्री राजेश अग्रवाल ने सभी आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की उपस्थिति से आयोजन और प्रभावी रहा।





