जगदलपुर, 09 फ़रवरी 2026। संभाग स्तरीय बस्तर पंडुम 2026 के समापन समारोह में स्कूली बच्चों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह के साथ-साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भी दिल जीत लिया। बच्चों की भावपूर्ण प्रस्तुति से प्रभावित होकर गृह मंत्री ने ताली बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

समारोह के दौरान जगदलपुर के हजारों स्कूली बच्चों ने प्रसिद्ध गीत “ऐसा जादू है मेरे बस्तर में” पर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। अनुशासन, तालमेल और भावनात्मक अभिव्यक्ति से सजी इस प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भावविभोर कर दिया। बच्चों की कला देखकर अमित शाह भी खुद को रोक नहीं सके और खुले मन से उनकी सराहना की।
कार्यक्रम में बालिकाओं द्वारा किया गया मलखंभ प्रदर्शन भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कठिन करतबों और आत्मविश्वास से भरे इस प्रदर्शन को दर्शकों ने खूब सराहा। गृह मंत्री ने बच्चों की कला, अनुशासन और आत्मविश्वास की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने भी बच्चों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उल्लेखनीय है कि “ऐसा जादू है मेरे बस्तर में” गीत हिंदी और हल्बी बोली में रचा गया है। बस्तर की बादल अकादमी के कलाकारों ने इसमें अपनी आवाज और संगीत का योगदान दिया है, जबकि दायरा बैंड ने आधुनिक संगीत के साथ इसे नया स्वरूप दिया है। यही कारण है कि यह गीत युवाओं और बच्चों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।





