प्रमोद कुमार
रायपुर, 11 फ़रवरी 2026

राजधानी रायपुर में 22 फरवरी को प्रस्तावित बॉलीवुड अभिनेत्री सनी लियोनी के कार्यक्रम को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। सनी लियोनी की रायपुर यात्रा की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर विरोध शुरू हो गया है, जो अब सड़कों तक पहुँचने की आशंका जताता दिख रहा है।
बजरंग दल ने कार्यक्रम को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। संगठन का कहना है कि रायपुर में इस तरह के आयोजनों से सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को ठेस पहुँचती है, और युवाओं पर गलत प्रभाव पड़ता है। बजरंग दल के रायपुर जिला प्रमुख योगेश सैनी ने चेतावनी दी है कि यदि कार्यक्रम रद्द नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन करेगा और किसी भी अव्यवस्था की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
विवाद के बीच आयोजकों ने प्रचार सामग्री में बदलाव कर सनी लियोनी की तस्वीर हटा कर कार्यक्रम को ‘डीजे सनी नाइट’ के रूप में प्रचारित किया, लेकिन इसके बावजूद विरोध थमता नहीं दिख रहा है।
जानकारी के अनुसार, सनी लियोनी 22 फरवरी को रायपुर के रामा वर्ल्ड में आयोजित नाइट डीजे पार्टी में शामिल होंगी। कार्यक्रम का एक प्रमोशनल वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद विरोध और तेज हो गया।
प्रशासन ने मामले को लेकर अलर्ट मोड जारी कर रखा है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की नजर सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी बनी हुई है। अब यह देखना अहम होगा कि बढ़ते दबाव के बीच आयोजक कार्यक्रम को लेकर क्या अंतिम निर्णय लेते हैं और प्रशासन किस तरह की रणनीति अपनाता है।





