12 Mar 2026, Thu
Breaking

फर्जी RTO ई-चालान लिंक से 4.52 लाख की ठगी: राजस्थान से 2 साइबर आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल ऐप से भेजते थे SMS

प्रमोद कुमार

रायपुर, 12 फ़रवरी 2026

रायपुर रेंज पुलिस ने ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी ई-चालान लिंक भेजकर ऑनलाइन ठगी करने वाले दो साइबर आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपी संदिग्ध मोबाइल ऐप के जरिए एंड्रॉइड यूजर्स को निशाना बनाकर उनके बैंक खातों से रकम पार कर देते थे।

पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देशन में की गई कार्रवाई में पृथ्वी कुमार बिश्नोई उर्फ राहुल (20) निवासी ग्राम डोलीकला, थाना कल्याणपुर, बाड़मेर (राजस्थान) और नरसिंह सिंह (24) निवासी भोपालगढ़, जोधपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, सिम कार्ड और बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

ऐसे हुआ खुलासा

प्रार्थी धर्मेंद्र सिंह ने थाना विधानसभा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके मोबाइल पर “RTOechallan” नाम से एक एसएमएस आया। संदेश में दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही उनके बैंक खाते से 4.52 लाख रुपये कट गए।
इस मामले में अपराध क्रमांक 8/26 के तहत धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता और 66(D) आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर रेंज साइबर थाना ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान गूगल डाटा, बैंक ट्रांजेक्शन डिटेल, मोबाइल सेवा प्रदाताओं से प्राप्त जानकारी, यूट्यूब और टेलीग्राम अकाउंट्स के तकनीकी विश्लेषण से आरोपियों की पहचान हुई। पुलिस टीम ने राजस्थान में दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार किया।

सोशल मीडिया के जरिए फंसाते थे शिकार

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर “Task Complete”, “Instant Bonus”, “Referral Bonus” और गेम खेलकर कमाई जैसे लालच देकर Winmate और Wingo जैसे ऐप डाउनलोड करवाते थे। ये ऐप प्ले स्टोर या ऐप स्टोर पर उपलब्ध नहीं होते थे।

पढ़ें   CG ब्रेकिंग : IPS अशोक जुनेजा बने रहेंगे छग के DGP, राज्य सरकार ने केंद्र को भेजा एक्सटेंशन प्रस्‍ताव

ऐप इंस्टॉल करने के बाद यूजर को बोनस राशि दिखती थी और “SMS Task” के नाम पर उसके मोबाइल से बड़ी संख्या में फर्जी ई-चालान और संदिग्ध लिंक भेजे जाते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करता, उसका मोबाइल हैक हो जाता और बैंक खाते या ई-वॉलेट से रकम निकाल ली जाती थी।

Swiggy-Instamart से करते थे रकम खपाने की कोशिश

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ठगी की रकम को छिपाने के लिए Swiggy और Instamart जैसे क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म से महंगे सामान की ऑनलाइन खरीदारी कर अलग-अलग राज्यों में डिलीवरी करवाते थे, ताकि पैसों का ट्रैक करना मुश्किल हो जाए।

इससे पहले भी WinGo ऐप के जरिए ठगी करने वाले तीन आरोपियों को महाराष्ट्र, ओडिशा और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस की अपील

रायपुर रेंज पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि—

  • केवल अधिकृत Play Store या App Store से ही ऐप डाउनलोड करें।
  • “गारंटीड मुनाफा” या “आसान कमाई” के झांसे में न आएं।
  • अनावश्यक रूप से SMS, कॉन्टैक्ट या बैंक संबंधी अनुमति मांगने वाले ऐप इंस्टॉल न करें।
  • किसी भी अज्ञात लिंक या APK फाइल पर क्लिक न करें।
  • साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है।

Share

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed