आरंग/रायपुर, 12 फ़रवरी 2026

आरंग विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। सड़क, शिक्षा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में मिल रही स्वीकृतियाँ क्षेत्र के बदलते स्वरूप की तस्वीर पेश कर रही हैं। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत जिला रायपुर के नरदहा मार्ग के 2.00 किलोमीटर आंतरिक सड़क निर्माण कार्य के लिए ₹3 करोड़ 30 लाख 78 हजार की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।
यह स्वीकृति आरंग विधायक एवं प्रदेश सरकार में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब (कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग) के सतत प्रयासों और विभागीय समन्वय का परिणाम मानी जा रही है।
प्रस्तावित 2 किलोमीटर आंतरिक मार्ग के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। किसानों को कृषि उत्पादों के परिवहन में आसानी होगी, वहीं स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। खासकर बारिश के मौसम में सड़क खराब होने से जो परेशानियाँ आती थीं, उनसे स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।
यह सड़क न केवल कनेक्टिविटी बेहतर करेगी, बल्कि क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति देगी।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि आरंग विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना उनका संकल्प है। उनका लक्ष्य केवल स्वीकृति प्राप्त करना नहीं, बल्कि विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कर जनता को वास्तविक लाभ दिलाना है।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार जताया।
लगातार मिल रही प्रशासनिक स्वीकृतियाँ संकेत दे रही हैं कि आरंग क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। अब आरंग में विकास केवल घोषणा तक सीमित नहीं, बल्कि जमीन पर साकार होता दिखाई दे रहा है।





